झज्जर। एसोसिएशन गवर्नमेंट फार्मासिस्ट ऑफ हरियाणा के आह्वान पर मंगलवार को जिले के फार्मासिस्ट पैन डाउन हड़ताल पर रहे। फार्मासिस्टों ने सुबह 9 से 10 बजे तक हड़ताल रखी और काम नहीं किया। इसके चलते अस्पताल में आए मरीजों को दवा के लिए इंतजार करना पड़ा। उमस भर्री गर्मी में पहले तो ओपीडी में पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगना पड़ा। इसके बाद डॉक्टर ने जांच की तो दवाई के लिए इंतजार करना पड़ा। मांगों को लेकर फार्मासिस्टों ने एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
एसोसिएशन गवर्नमेंट फार्मासिस्ट ऑफ हरियाणा के राज्य प्रधान जगदीप सिंह ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग ग्रेड पे 4600 करवाना, फार्मेसी ऑफिसर का ग्रेड पे 5400 करवाना, रिक्त पड़े पदों पर भर्ती, पीसीई की तर्ज पर प्रमोशन लागू करना शामिल है। उन्होंने बताया कि उनकी मांगें पिछले 4-5 सालों से लंबित है और सरकार इन पर कोई भी संज्ञान नहीं ले रही। इसलिए अब हमें मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाया है। मंगलवार को पूरे हरियाणा में सभी फार्मेसी अधिकारियों ने एक घंटे के लिए पेन डाउन स्ट्राइक की। इस मौके पर जिला प्रधान जितेंद्र, अनिल हुड्डा, विजय, बलविन्द्र, अनिल यादव, देवेंद्र फोगाट, हेमलता, सुमन, शालू, संदीप मौजूद रहे।
नर्सिंग स्टॉफ ने काले बिल्ले लगाकर किया काम फोटो-9
नागरिक अस्पताल में मंगलवार को नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन ने मांगों को लेकर काले बिल्ले लगाकर काम किया। जिला प्रधान अंजू ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग केंद्र के समान वेतन भत्ता, केंद्र के समान ग्रुप बी डिप्टी डायरेक्टर व असिस्टेंट डायरेक्टर नर्सिंग पद को भरना शामिल है। उन्होंने कहा कि विभाग की तरफ से उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई की शाम को नर्सिंग वेलफेयर हरियाणा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में मुख्यमंत्री आवास घेराव व पूर्ण हड़ताल जैसे निर्णय लिए जा सकते है।
एनएचएम कर्मी आज दो घंटे नहीं करेंगे काम फोटो-13
स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एनएचएम कर्मचारियों द्वारा लंबित मांगों को लेकर 24 जुलाई को जिले भर की सभी स्वास्थ्य संस्थानों में दो घंटे के लिए पेन डाउन वर्क सस्पेंड किया जाएगा। एसोसिएशन के जिला प्रवक्ता संदीप कुमार जांगड़ा ने बताया कि सरकार ने अगर मांगे नहीं मानी तो 25 जुलाई को लंबित मांगों को लेकर बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी। मंगलवार को एनएचएम कर्मचारियों ने मांगों को लेकर सिविल सर्जन डॉक्टर ब्रह्मदीप सिंह को ज्ञापन भी सौंपा।