झज्जर। शहर के सामान्य बस अड्डा से अलग-अलग रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को रोडवेज बसों की कमी के चलते लगातार दूसरे दिन भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बसों के लिए यात्रियों को घंटों तक बस अड्डा में इंतजार करना पड़ा। जिले की 106 रोडवेज बसों को कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में लगाया था।
100 रोडवेज बस कार्यक्रम से एक दिन पहले कुरुक्षेत्र भेजी गई थी व छह रोडवेज बस जिले के अलग-अलग गांवों से लोगों को राज्यस्तरीय कार्यक्रम के लिए रवाना हुई। रोडवेज बसों की कमी के कारण अलग-अलग रूटों पर सफर करने यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। अधिकतर यात्रियों ने रोडवेज बसें नहीं मिलने के कारण निजी बसों में सफर किया।
रोडवेज विभाग की तरफ से कुरुक्षेत्र में भेजी गई रोडवेज बसों को छोटे रूटों से हटाया गया था, वहीं लंबे रूटों पर सुचारू रूप से बसों का संचालन किया गया। शनिवार को सभी रोडवेज बस कुरुक्षेत्र से वापिस जिले में आ गई। रविवार को सभी रोडवेज बसों को समय अनुसार रूटों पर चलाया जाएगा।
इन रूटों पर यात्री रहे परेशान
कुरुक्षेत्र भेजी गई रोडवेज की बसों को ग्रामीण क्षेत्र व दूसरे जिलों के रूटों से हटाया गया। इस दौरान यात्री परेशान रहे। शनिवार को कोसली, बेरी, बहादुरगढ़, बादली, गुरुग्राम, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत, चरखी दादरी व अन्य रूटों पर बसों की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी हुई।
कार्यक्रम के बाद सुचारू रही बस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिले के रोडवेज वर्कशॉप में मनाए गए जिलास्तरीय कार्यक्रम के लिए 17 बसों को बच्चों व लोगों के लिए ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में लगाया गया था। कार्यक्रम के समापन के बाद बच्चों व लोगों को वापिस छोड़ने के बाद इन रोडवेज बसों को सुचारू रूप से संचालित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कुरुक्षेत्र के राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए मांगी गई रोडवेज बसों के कारण झज्जर डिपो में बसों की कमी रही। शनिवार को कुरुक्षेत्र से सभी रोडवेज बसें डिपो वापिस आ गई। रविवार को सभी रोडवेज बसों को समय अनुसार संचालित किया जाएगा।
- रामरत्न कौशिक, डीआई, रोडवेज विभाग, झज्जर डिपो