संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। महेंद्रगढ़ में आयोजित हुई 59वीं राज्य स्तरीय स्कूली खेलों की कराटे प्रतियोगिता में झज्जर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। अंडर-19 लड़कियों में झज्जर ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं तीन स्वर्ण, एक रजत व आठ कांस्य पदक हासिल किए।
झज्जर महिला टीम कोच राजरानी ने बताया की 20 से 23 सितंबर को महेंद्रगढ़ के यदुवंशी शिक्षा निकेतन में 59वीं राज्य स्तरीय स्कूली खेलों की लड़कियों की कराटे स्पर्धा का आयोजन किया गया। जिसमें अंडर-14, 17 व 19 वर्ग में झज्जर के 33 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिनमें अंडर-17 वर्ग की लड़कियों में 52 किलोग्राम भार में एसआर सेंचुरी स्कूल की पारुल ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
अंडर-19 में 56 किलोग्राम भार में विजया स्कूल की सोनिका व 68 किलोग्राम में बालभारती स्कूल वर्षिता ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं बालभारती स्कूल की दीपांशी ने रजत पदक हासिल किया। इन्हीं के साथ बिरला ओपन माइंड स्कूल की साइना छिल्लर, एसआर सेंचुरी स्कूल की अनिका छिल्लर, दिव्यानी व हरदयाल स्कूल की मैत्री, जीडी गोयनका स्कूल की रईशा व चेतना, बालभारती स्कूल की एल्सा छिल्लर व राजकीय मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल बहादुरगढ़ की महक ने कांस्य पदक हासिल किया।
इन्हीं पदकों के साथ लड़कियों की अंडर-19 की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस मौके पर अभिभावक जस्सी उर्फ जसविंद्र जून, मनोज छिल्लर, अमित छिल्लर, देवराज देशवाल, घनश्याम, कराटे कोच इशांत राठी, डीपीई सुमित छिल्लर, संदीप, विशाल मालिक, प्रमोद कुमार व अमित ने विजयी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।