टारगेट, लगातार हो रही कार चोरी-फोटो 62 : देवीलाल पार्क के पास सड़क पर खड़ी गाड़ियां। संवाद
बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रोड पर सेक्टर-6 के निकट बने होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन के नजदीक अवैध पार्किंग में खड़े होने वाले वाहन चोरों का साॅफ्ट टारगेट बन रहे हैं। यहां से आसानी से वाहनों को चोरी किया जा रहा है। दरअसल, यहां पर मेट्रो की पार्किंग बनी है, लेकिन यह पूरी तरह भर जाती है तो लोग अपने वाहन को रोड पर गौरैया टूरिस्ट कांप्लेक्स और देवी लाल पार्क के बाहर पार्क करके मेट्रो में सवार होकर दिल्ली की तरफ चले जाते हैं।
इसके बाद जब शाम को लौटते हैं तो किसी न किसी यात्री का वाहन चोरी हो जाता है। कई बार तो यहां पर वाहन मालिक को अपनी कार ईंटों पर खड़ी मिली है। चोर टायर चोरी करके ले जाते हैं। शिकायत पुलिस को दी जाती है। पुलिस एफआईआर दर्ज करती है, लेकिन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वर्ष 2024 में अब तक यहां से 150 से अधिक दोपहिया और 50 से अधिक कार चोरी हो चुकी हैं। 17 दिसंबर को भी यहां से दो कार चोरी कर ली गई। अभी तक न तो कार का और न ही चोरों का कोई सुराग लगा है।
बहादुरगढ़ में बने होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन के नजदीक खड़े होने वाले वाहनों पर चोरों की पैनी नजर है। महीने में कई बार वाहन चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। वाहन चोरी होने के बाद मालिक के पास केवल एफआईआर दर्ज कराने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं होता। लगातार वाहन चोरी होने की घटनाओं से शहरवासी भी दहशत में हैं, लेकिन पार्किंग की समस्या होने के चलते उन्हें मजबूरीवश सड़क पर ही वाहन खड़ा करना पड़ता है।
औमेक्स सिटी निवासी योगेश गुप्ता कहते हैं कि वे हररोज बहादुरगढ़ से सदर बाजार जाते हैं। होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन के नजदीक देवीलाल पार्क के पास कार को खड़ा कर जाते हैं, लेकिन उन्हें हर समय वाहन चोरी का डर सताता रहता है। वहीं जाखौदा गांव के रहने वाले रामकिशन कहते हैं कि प्रशासन को लोगों के लिए पार्किंग का इंतजाम करना चाहिए। ताकि लोग अपने वाहन को सुरक्षित जगह पर खड़ा कर सकें और बेफिक्र होकर मेट्रो में सफर करें।
इस संबंध में एसडीएम से बातचीत की गई है। मौके का भी दौरा किया गया है। प्रशासन की तरफ से पार्किंग बनाने की योजना बनाई जा रही है। यहां पर पार्किंग के लिए टेंडर दिया जाएगा। इससे वाहनों की देखरेख आसानी से होगी और वाहन चोरी भी नहीं होंगे। चोरों को पकड़ने के लिए भी पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं।
-मयंक मिश्रा, डीसीपी, बहादुरगढ़।