बहादुरगढ़। जिला पार्षद एवं भाजपा जिला महामंत्री रविंद्र छिल्लर बराही ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनों में वृद्धि के निर्णय पर हरियाणा की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया है।
जिला भाजपा महामंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने जरूरतमंद नागरिकों को राहत देते हुए 13 श्रेणियों की सामाजिक सुरक्षा पेंशनों में 200 रुपये की बढ़ोतरी कर सराहनीय कदम उठाया है। रविंद्र छिल्लर ने बताया कि इस फैसले से प्रदेश के लगभग 30 लाख से अधिक पेंशनधारकों को सीधा लाभ मिलेगा।
अब पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह 3200 रुपये से लेकर 14 हजार रुपये तक की पेंशन प्राप्त होगी जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा। उन्होंने विशेष रूप से नवंबर से रुकी हुई करीब 70 हजार बुजुर्गों की पेंशन बहाल किए जाने के फैसले को जनहितकारी बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को आर्थिक संबल देने की दिशा में कार्य कर रही है। पेंशन राशि में वृद्धि से लाभार्थियों को राहत मिलेगी और उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहूलियत होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूल मंत्र पर चलते हुए भविष्य में भी सभी वर्गों के हित में कार्य करती रहेगी।