द हरियाणा चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में दा बहादुरगढ़ चेस फाउंडेशन की ओर से बहादुरगढ़ में 17 से 19 जुलाई तक राज्यस्तरीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता रोहतक रोड स्थित जिला परिषद के उपाध्यक्ष राजेश जून के कार्यालय परिसर में होगी। द हरियाणा चेस एसोसिएशन के महासचिव नरेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी राउंड फीडे स्विस सिस्टम के तहत खेले जाएंगे। इसमें केवल हरियाणा के खिलाड़ी ही भाग ले सकते हैं।
आगामी 16 से 27 अगस्त तक नागपुर में होने वाले नेशनल चेस टूर्नामेंट के लिए हरियाणा की टीम का चयन भी इस प्रतियोगिता के आधार पर होगा।
बहादुरगढ़ चेस फाउंडेशन के प्रधान आरपी सिंह ने कहा कि दूसरे जिलों से आने वाले खिलाड़ियों की व्यवस्था फाउंडेशन नि:शुल्क करेगा। केवल 15 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन होंगे।
इच्छुक खिलाड़ी डब्लूडब्लूडब्लूडाटहरियाणाचेसडॉटकॉम पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन और बहादुरगढ़ फाउंडेशन के महासचिव संदीप कुमार निमावत ने बताया कि प्रथम 20 खिलाड़ियों को नकद इनाम दिए जाएंगे।