प्रदेश के कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर पूरे देश में स्वच्छता अभियान पर जोर-शोर से काम चल रहा है। प्रदेश में भी स्वच्छता की दिशा में तीन जिले खुले में शौच से मुक्त की श्रेणी में आ चुके हैं। एक नवंबर को हरियाणा दिवस के मौके पर पांच और जिले खुले में शौच से मुक्त होने जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि झज्जर भी जल्द ही खुले में शौच मुक्त जिले की श्रेणी में होगा।
धनखड़ ने कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए 600 करोड़ रुपये का बजट है। उन्होंने कहा यह राशि केवल वह है, जो उनके विभागों के मार्फत अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए खर्च की जानी है। कृषि मंत्री रविवार को बाग जहांआरा में महर्षि वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का उत्थान जागरूकता पर निर्भर करता है और जागरूकता का सबसे सशक्त माध्यम शिक्षा है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि प्राचीन वैदिक काल के महान ऋषियों की श्रेणी में प्रमुख स्थान रखते हैं, इन्होंने संस्कृत मे महान ग्रंथ रामायण महान ग्रंथ की रचना कि थी।
इनके द्वारा रचित रामायण वाल्मीकि रामायण कहलाती है। हिंदू धर्म की महान कृति रामायण महाकाव्य श्रीराम के जीवन और उनसे संबंधित घटनाओं पर आधारित है, जो जीवन के विभिन्न कर्तव्यों से परिचित करवाता है। धनखड़ ने कहा कि वास्तव में रामायण आइना है।
इसमें हर तरह के व्यक्तित्व का चित्रण है। जीवन के मूल्य जिस रूप में दिखते हैं, वह हर क्षण प्रेरणा देने वाले हैं। इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक राय सिंह सिंह ने कृषि मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर अनेक भाजपा नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
योजनाओं का लाभ उठाएं
कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जनहित के लिए अनेक कल्याणकारी कदम एवं योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने जनसमूह से सवाल किया कि नाममात्र की राशि पर सरकार की बीमा योजना का लाभ किन-किन लोगों ने लिया है।
उन्होंने अपील की कि अपेक्षा के अनुरूप जनकल्याण की इन योजनाओं का लाभ लेने के साथ दूसरे लोगों को भी जागरूक करें। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पशु बीमा योजना भी लागू कर दी गई है। मात्र 25 से 100 रुपये में तीन साल तक का पशु बीमा किया जाता है। उन्होंने कहा पशुओं के साथ किसी आपदा की स्थिति में नुकसान पशुपालक का नहीं होगा।
रक्तदान शिविर में दिया प्रोत्साहन
कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने रेडक्रॉस शॉपिंग कॉम्पलैक्स में आयोजित रक्तदान शिविर में भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि रक्तदान पुण्य का काम है। उन्होंने कहा हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान का संकल्प लेना चाहिए। रक्तदान किसी का अमूल्य जीवन बचाने में सहायक होता है।
जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं
कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ को रविवार को उनके 55वें जन्मदिवस पर समर्थकों ने शुभकामनाएं दीं। बाग जहांआरा स्टेडियम में पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इससे पूर्व गुरुग्राम रोड पर भी युवा समर्थकों ने कृषि मंत्री ने जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।