संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। सेक्टर दो स्थित राज राजेश्वरी माता बड़ा मंदिर में सुंदरकांड ग्रुप सेक्टर-6 बहादुरगढ़ के तत्वावधान में सुंदरकांड पाठ और भजन संकीर्तन का आयोजन किया गया। धार्मिक महिला संकीर्तन मंडली की पूजा शर्मा, कुसुम लता कौशिक, रश्मि आधार, अंजू, मंजु गुप्ता और शारदा रानी ने संगीतमय सुंदरकांड पाठ व भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
वृंदावन से आए राधे पंडित ने राधा रानी के जयकारों के बीच अनूठी प्रस्तुति और उंगली पर थाली थिरकाने वाले नृत्य से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए। इस अवसर पर माता मंदिर के अधिष्ठाता स्वामी गणेशानंद ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सद्गुणों का पालन करते हुए ईश्वर पर विश्वास बनाए रखने से जीवन के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं और कठिन परिस्थितियों में भी कभी निराश नहीं होना चाहिए।
कार्यक्रम में लता तुषीर, तारा रानी, नीना वत्स, सुनीता पराशर, ऊषा जून, प्रमोद सिंह राजपूत, अश्वनी शर्मा, रामनिवास बंसल, राजबीर दलाल, दिनेश खोखर, भूप सिंह, राजकुमार अरोड़ा और पवन सैनी आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्य आयोजिका रंजना टंडन ने बताया कि सुंदरकांड ग्रुप द्वारा प्रत्येक माह अलग-अलग स्थानों पर सुंदरकांड पाठ आयोजित किया जाता है। साथ ही आध्यात्मिक वातावरण को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर भजन संध्या, माता चौकी और गणपति पूजा जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते रहेंगे।