बहादुरगढ़। वीरवार की देर रात शहर के रेलवे रोड पर लड़ रहे दो सांड़ों की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को शहर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस ने घटना को हादसा मानते हुए कार्रवाई की है।
रेलवे रोड पर चौकीदार का कार्य करने वाले दीपक पुत्र पप्पू निवासी भौजावास जिला महेंद्रगढ़ हाल निवासी रेलवे रोड ने बताया है कि वह बीती रात रेलवे रोड पर करीब 11 बजे चौकादारी करने के लिए पहुंचा था। उसी दौरान वहां पर दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। उसने उन्हें अलग-अलग करने की काफी कोशिश की, लेकिन वे अलग नहंी हुए। उनकी इस लड़ाई में वह स्वयं भी बाल-बाल बच गया, लेकिन उसे भी हल्की चोटें आई हैं। मृतक युवक भी वहां से गुजर रहा था, उसी दौरान वह उनकी चपेट में आ गया। इससे वह सड़क पर गिर गया और उनमें से एक सांड़ उसके मुंह पर चढ़ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक व्यक्ति का मुंह बुरी तरह कुचला हुआ है, जिससे पहचान नहीं हो पाई है। चौकीदार ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। शव को पहचान के लिए नागरिक अस्पताल में रखा गया है। 72 घंटों तक यदि मृतक की पहचान नहीं होती है तो फिर शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार करा दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने घटना को हादसा मानते हुए कार्रवाई की है।