झज्जर। बहादुरगढ़ निवासी सिंचाई विभाग के कर्मचारी को डिजिटल अरेस्ट कर उससे एक लाख 50 हजार साइबर ठगों ने ठग लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 निवासी यशवीर सिंह ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वह सिचाई विभाग झज्जर में कार्यरत है। गत 19 सितंबर को उसके पास फोन आया। उसने कहा कि वह टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया से बोल रहा है।
उसने कॉल मोबाइल नंबर के व्हाट्सअप पर ट्रांसफर कर दी और बताया कि वह अजय कुमार बंसल मुंबई साइबर क्राइम से बोल रहा है। आपके पास सदाकत अली गैंग से 35 लाख रुपये आए है। उसने बताया कि आप पर केस दर्ज है। वह आपकी बात डीसीपी से करवाएंगे जो आपके ब्यान रिकार्ड करके कोर्ट में दे देंगे। इसके बाद व्हाट्सअप पर काल की और डीसीपी से बात करवाई।
डीसीपी ने कहा कि हम आपके ब्यान रिकार्ड करके कोर्ट में देंगे जिससे आपका केस हल्का हो जाएगा। उसने इस काम के लिए 5 लाख रुपये मांगे और कहा कि अगर आप नहीं देंगे तो आपको और आपके परिवार वालों को जान का खतरा हो सकता है। उसने कहा कि उसके खाते में 5 लाख नहीं है। उसके पास केवल एक लाख 54 हजार रुपये हैं। उसने एक लाख 50 हजार रुपये डालने की बात कही। डर की वजह से यह राशि उसके खाते में भेज दी।
उसने कहा कि जांच पूरी होने के बाद यह पैसा आपको वापस कर दिया जाएगा। जब उसने अजय कुमार बंसल से संपर्क किया तो उसका फोन बंद आया। तब उसे पता लगा कि उसके साथ डिजिटल अरेस्ट करके ठगी की गई है। पुलिस न यशवीर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
संवाद