झज्जर। जवाहर लाल नेहरू कैनाल के बंबुलिया और मुंदशा गांव के पुल के पास छह जलघरों को पानी की आपूर्ति के लिए बनाए गए पंप हाउस के ट्रांसफार्मर से क्वायल, तेल व अन्य सामान चोरी कर लिया है। जिसकी वजह से छह गांवों के जलघरों को नहर से जाने वाली पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ की शिकायत पर साल्हावास पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के उपमंडल अभियंता सुरेंद्र अभियांत्रिकी मंडल तीन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि जवाहर लाल नेहरू कैनाल पर नहर के पास 200 केवीए ट्रांसफार्मर रखा हुआ था। जिसके अंदर का सारा सामान क्वायल व तेल आदि सामान चोरी कर लिया गया है। शुक्रवार की रात को कुछ अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। जन स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 6 जलघरों की पानी की सप्लाई के लिए पंप हाउस पर रखे ट्रांसफार्मर का सामान चोरी होने के कारण जलघरों के पानी की सप्लाई बंद हो गई है। इसके अंतर्गत कोयलपुर, भिण्डावास, कुजिंया, डावला, सलौधा व कड़ोधा में पानी की नहीं पहुंच रहा है। साल्हावास पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं विभाग की तरफ से जलघरों तक पानी की आपूर्ति पहुुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं ताकि लोगों तक समय पर पानी पहुंचाया जा सके।
वर्जन
पुलिस ने विभाग के उपमंडल अभियंता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मोका मुआयना करने के बाद चोरों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही चोरों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- रामकरण, निरीक्षक, थाना प्रभारी, साल्हावास।