बेरी। बस स्टैंड के अंदर हरियाणा राज्य परिवहन की लंबे रूटों की बसों के स्टैंड में प्रवेश न करने को लेकर दो बस चालकों पर 700 रुपये जुर्माना किया गया है। विभाग को कई दिनों से शिकायत मिल रही थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए विभाग की तरफ से टीम का गठन कर भागलपुरी चौक पर भेजा गया। जहां पर दो बस सीधे भागलपुरी चौक से निकालने पर जुर्माना किया गया। चालकों की मनमानी चलते बसों को बेरी के बस स्टैंड में ले जाने की बजाए उन्हें बाहर से ही निकाल कर ले जाया जाता है। जिसकी वजह से यात्री बस स्टैंड पर बसों के इंतजार में खड़े रहते हैं और बस सीधे अपने रूटों पर चली जाती थी। इस बात की शिकायत मिलने के बाद रोडवेज विभाग हरकत में आया और शुक्रवार को भागलपुरी चौक पर स्टैंड प्रभारी जयसिंह के नेतृत्व में एक टीम चौक पर पहुंची और बिना बस स्टैंड होकर आए सीधी जा रही दो बसों के चालकों पर जुर्माना लगाया।
कई जिलों की बसें निकलती हैं बेरी से
प्रदेश के गुरुग्राम, भिवानी, नूंह, फतेहाबाद व हिसार सहित कई अन्य डिपो की बसें हर रोज बेरी होकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करती हैं। लेकिन इनमें से कई बसों के चालक व परिचालक पर आरोप है कि वे बस को बेरी के बस स्टैंड पर ले जाने की बजाय बाहर से बसों को गंतव्य की ओर ले जाते हैं। जिसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। मजबूरन उन्हें निजी वाहनों का सहारा लेने पड़ता। जिसकी वजह से उनकी समय व पैसे दोनों की बर्बादी होती है।
700 रुपये लगाया जुर्माना
लंबे रूटो की बस बस स्टैंड के अंदर प्रवेश न करने व भागलपुरी चौक से बसों को निकालने पर दो बसों पर जुर्माना लगाया गया। जिसमें हिसार डिपो की बस को 5 सौ रुपये व भिवानी डिपो की बस को 2 सौ रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बस के चालक व परिचालक को भविष्य में भी उनकी तरफ से ड्यूटी के प्रति लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।
बाहर से बसों को निकालने वाले चालकों व परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी जाएगी। उन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
-जय सिंह दुजाना, बस स्टैंड प्रभारी, बेरी।