electric department action on bill defaluter
झज्जर। बिजली का बिल न भरने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। जिले में बिजली निगम के आंकड़ों के अनुसार 21,761 उपभोक्ता डिफाल्टर थे। इन उपभोक्ताओं में से 4796 उपभोक्ताओं ने अपने बिलों की अदायगी कर दी है। जबकि बिजली निगम की तरफ से 1305 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जा चुके हैं। निगम ने सभी डिफाल्टर के 31 मार्च तक कनेक्शन काटने की अवधि निर्धारित की है।
70 टीमों का किया गठन
बिजली निगम की तरफ से डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के लिए जिले में 11 उपमंडल अधिकारियों के नेतृत्व में करीब 70 टीमों का गठन किया हुआ है। जो निरंतर बिजली कनेक्शन काटने के कार्य में जुटी हुई हैं। हालांकि जो उपभोक्ता बिजली का कनेक्शन कटने के बाद राशि जमा करा देते हैं, तो उनका कनेक्शन निगम की तरफ से फिर से जोड़ दिया जाता है।
49 करोड़ 43 लाख रुपये थे बकाया
जिले में फिलहाल तक 21,761 उपभोक्ताओं पर 49 करोड़ 43 लाख की राशि बकाया थी। जिसमें से 6 करोड़ 59 लाख की राशि उपभोक्ताओं ने जमा कराई है। जबकि अभी भी 42 करोड़ रुपये से अधिक राशि बकाया पड़ी है। शहरी क्षेत्र में 4695 उपभोक्ताओं पर 9 करोड़ 43 लाख रुपये बकाया थे। इन में से 1895 उपभोक्ताओं ने करीब 3 करोड़ 51 लाख रुपये जमा करवाए हैं। जबकि 554 कनेक्शन काट दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 16,894 डिफाल्टरों में से 2816 ने 38 करोड़ में से 2 करोड़ 60 लाख रुपये जमा करवाए हैं। इनमें से 724 डिफाल्टरों के कनेक्शन काटे जा चके हैं। ओद्यौगिक क्षेत्र के 172 डिफाल्टरों पर करीब दो करोड़ रुपये के बिजली बिल बकाया थे। इनमें से 85 ने करीब 38 लाख रुपये जमा कराए हैं। जबकि 27 के कनेक्शन काटे गए हैं।
जिले में किसी भी डिफाल्टर ने बिजली बिल की अदायगी नहीं की तो 31 मार्च तक उसका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। बिजली निगम की टीमें बिजली मीटर उखाड़ने में जुटी हुई हैं। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से अपील है कि वे बिजली कनेक्शन कटने से पहले बकाया बिल का भुगतान कर दें।
- संदीप जैन, एसई, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, झज्जर।