22jjrp05- राजकीय नेहरू कॉलेज के मैदान में क्रिकेट खेलती टीमें। स्रोत-आयोजक
झज्जर। एनएससीए झज्जर और डीवीआर क्रिकेट अकादमी रोहतक के बीच खेले गए क्रिकेट मैच में एनएससीए झज्जर ने 52 रनों से जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ ही एनएससीए झज्जर की टीम ने तीन मैचों की सीरीज 2-0 से जीत ली। शहर के बहादुरगढ़ रोड स्थित नेहरू कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड में एनएससीए झज्जर और डीवीआर क्रिकेट अकादमी रोहतक की टीम के बीच तीन मैचों की सीरीज खेली जा रही है।
मंगलवार को खेले गए सीरीज के पहले मैच में एनएससीए झज्जर की टीम ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद बुधवार को सीरीज का दूसरा मैच खेला गया।
डीवीआर क्रिकेट अकादमी की टीम ने दूसरे मैच में टाॅस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एनएससीए झज्जर की टीम 38.2 ओवरों में 150 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान बल्लेबाजी में विशेष ने 36 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में दुवैन नरवाल ने दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीवीआर क्रिकेट अकादमी की टीम 32.2 ओवरों में 98 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान बल्लेबाजी में सात खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
वहीं गेंदबाजी में विशेष ने तीन विकेट हासिल किए। सीरीज का आखिरी मैच वीरवार को खेला जाएगा।