-फोटो 53 : झज्जर रोड पर डाकघर के बाहर टूटे नाले का जायजा लेती चेयरपर्सन सरोज राठी।
बहादुरगढ़। बारिश के मौसम में शहर में जगह-जगह पानी की निकासी न होने के कारण जलभराव की समस्या पैदा हो रही है। वहीं झज्जर रोड पर डाकघर के बाहर नाला टूटा होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। शहर में विभिन्न स्थानों पर हुए जलभराव की समस्या को देखते हुए नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने जायजा लिया। उन्होंने शहरवासियों को समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने पहले झज्जर रोड पर हुए जलभराव की समस्या का जायजा लिया। यहां पर लोगों ने उन्हें बताया कि झज्जर रोड पर जलभराव होने सेे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि दुकानदारों का काम धंधा भी कहीं ज्यादा प्रभावित हो रहा है। पानी की निकासी के सही इंतजाम कराए जाएं, ताकि उन्हें समस्या न हो और दुकानदारी भी सही ढंग से चल सके।
लोगों ने चेयरपर्सन को बताया कि गंदे पानी के बीच से होकर उन्हें गुजरना पड़ रहा है। पूरी सड़क पर जलभराव होने के कारण हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है क्योंकि इस मार्ग पर गड्ढे भी कहीं ज्यादा हैं। वह पानी भरने के बाद नजर नहीं आते। ऐसे में दुर्घटना हो जाती है। चेयरपर्सन राठी ने कहा कि झज्जर रोड पर जलभराव की समस्या का जल्द स्थायी समाधान कराया जाएगा।
चेयरपर्सन सरोज राठी ने झज्जर रोड स्थित डाकखाने के बाहर टूटे नाले की समस्या का जायजा लिया। कहा कि जल्द ही इस समस्या का भी समाधान होगा। इस मौके पर पार्षद प्रतिनिधि पवन रोहिल्ला, जेई संदीप कौशिक, नप एसआई सुनील हुड्डा, राजू ठेकेदार मौजूद रहे।