बादली। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बनाया गया कुलताना-छुड़ानी-बुपनियां ड्रेन (केसीबी ड्रेन) का मास्टर प्लान जारी किया है। विभाग की तरफ से ड्रेन सुधारीकरण के लिए पांच करोड़ रुपये के टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई है। यह ड्रेनेज प्लान वर्षा जल का प्रबंधन कर सकेगा जिससे लुकसर, गंगडवा, बुपानियां और जरदकपुर सहित कई गांव के किसानों को बाढ़ से राहत मिलेगी।
मानसून से पहले ड्रेन की सफाई और तटबंधों को मजबूत किया जाएगा। पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में नहीं उतर सके इसके लिए सभी प्रबंध किए जाएंगे। ब्लॉक समिति सदस्य प्रदीप गंगड़वा किसानों के साथ मिलकर आठ माह से अधिकारियों से ड्रेन की सुधार करने की मांग कर रहे हैं। अब जाकर मांग पूरी हुई।
ड्रेन क्षेत्र की प्रमुख जल निकासी प्रणाली
केसीबी ड्रेन बादली और बहादुरगढ़ क्षेत्र की प्रमुख जल निकासी प्रणाली है जिसमें 1524 क्यूसेक पानी की क्षमता है। मानसून के दौरान अक्सर ओवरफ्लो होने के किसानों को काफी नुकसान होता है। पिछले चार सालों से छुड़ानी, छारा, गंगड़वा, लुकसर और जरदकपुर सहित कई गांवों के आस-पास सैकड़ों एकड़ फसलें जलमग्न हो रही हैं।
तीन पुल किए जाएंगे ऊंचे
लुकसर और जरदकपुर गांव सहित बहादुरगढ़ सड़क पर एक प्रमुख पुल है। तीनों पुलों को तीन-तीन फीट तक ऊंचा उठाया जाएगा। बहादुरगढ-बादली रोड के पुल को पूरी तरह से नया तैयार किया जाएगा। इस काम को मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य है।
किसानों और ब्लॉक समिति सदस्य प्रदीप कुमार के परामर्श से इस योजना को तैयार किया है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग से भी सलाह ली गई है। 5 करोड़ की लागत से काम किया जाएगा। जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
वेदपाल सिंह, एसडीओ सिंचाई विभाग।