पुलिसकर्मी से बात करतीं विधायक गीता भुक्कल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दीपावली के अवसर पर त्योहारी सीजन में झज्जर के भीड़भाड़ वाले इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने शहर में निकलीं हलके की विधायक व प्रदेश की पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल उस समय भड़क उठीं, जब उन्हें शहर के बाजार से पुलिस पूरी तरह से नदारद दिखाई दी। विधायक ने उसी समय बीच बाजार में एसपी को फोन लगाया और पुलिस की निष्क्रिय कार्यशैली को लेकर जवाब मांगा। भुक्कल का कहना था कि त्योहारी सीजन है और शहर के हर क्षेत्र में खरीदारी करने वालों की भारी भीड़ है, लेकिन बाजार में कोई राइडर न होना, ट्रैफिक पुलिस का पूरी तरह से नदारद होना इस बात का संकेत देता है कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन कतई गंभीर नहीं है।
ये भी पढ़ें-
सिपाही परीक्षा पर हंगामा: सुरजेवाला बोले- सीएम व कैबिनेट 30 प्रश्न हल कर दिखाएं, मनोहर का जवाब- सिपाही बनने पर दूंगा परीक्षा
विधायक के एसपी को फोन करने असर भी देखने को मिला। विधायक के फोन रखने के थोड़ी ही देर बाद पुलिस शहर के चौक-चौराहों व बाजार में सरपट दौड़ती हुई दिखाई दी। विधायक ने कहा कि झज्जर ही नहीं, बल्कि हरियाणा भर में कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। सरकार की निष्क्रियता की वजह से प्रदेश में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। पुलिस थाने के अंदर खाद बंटवाने में मशगूल है और अपराधी अपराध को अंजाम देने में।
ये भी पढ़ें-
सोनीपत: कुंडली बॉर्डर पर किसान आंदोलन में शामिल बुजुर्ग बाबा की मौत
उन्होंने कहा कि यही वजह है कि झज्जर जिले के अंदर अपराध का ग्राफ काफी बढ़ गया है। उन्होंने इस दौरान रोहतक संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. अरविंद शर्मा से अपने संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। भुक्कल ने दावा किया कि केवल दीपेंद्र हुड्डा ही एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने राज्यसभा में न सिर्फ किसान, बल्कि हरियाणा के हर वर्ग की आवाज उठाई है। उनके साथ अनेक कार्यकर्ता भी मौजूद थे।