30jjrp01- सेंसस आंकलन के तहत बच्चों की परीक्षा लेते शिक्षक। स्रोत-शिक्षा विभाग
झज्जर। निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत जिले के सभी 291 प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा दूसरी और तीसरी के विद्यार्थियों का सेंसस आकलन पूरा हो गया। जिला निपुण समन्वयक डॉ. सुदर्शन पूनिया ने बताया कि 29 दिसंबर को हिंदी विषय और 30 दिसंबर को गणित विषय का आकलन आयोजित किया गया।
आकलन के संचालन ले लिए पीजीटी और टीजीटी शिक्षकों को ड्यूटी सौंपी गई थी जिन्हें खंड स्तर पर पूर्व में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका था। जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर आकलन प्रक्रिया का अवलोकन किया।
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने अपने-अपने खंड के विद्यालयों का दौरा कर प्रक्रिया की गुणवत्ता सुनिश्चित की। जिला शिक्षा अधिकारी रतिंदर सिंह ने सरकारी कन्या प्राथमिक विद्यालय झज्जर का दौरा किया। डाइट माछरौली के प्राचार्य अनिल श्योरण सरकारी प्राथमिक विद्यालय काहडी, भतेडा पहुंचे।
जिला परियोजना समन्वयक अनिल शर्मा ने सरकारी कन्या प्राथमिक विद्यालय माजरी का निरीक्षण किया। डॉ. सुदर्शन पूनिया ने सरकारी प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर, दादनपुर और कुलाना में प्रक्रिया का अवलोकन किया।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी रतिंदर सिंह, डाइट प्राचार्य अनिल शयोराण, जिला परियोजना समन्वयक ने सभी आकलनकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यालय प्रमुखों और बीईओ को हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने आशा जताई कि इस प्रामाणिक व विश्वसनीय डेटा के आधार पर भविष्य में प्रभावी रणनीतियां तैयार की जाएंगी जिससे जिले का प्राथमिक शिक्षा स्तर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट बनेगा।