झज्जर। एनएचएम कर्मचारी संघ हरियाणा जिला झज्जर द्वारा सिविल सर्जन झज्जर व जिला उपायुक्त के माध्यम से लंबित मांगों को लेकर मांग पत्र दिया। प्रदर्शन में जिले के एनएचएम कर्मचारियों ने भाग लिया। जिला प्रधान अरुण वर्मा ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में एनएचएम कर्मचारियों की 25 वर्षों से दी रही सेवाओं को ध्यान में रखते हुए व 2013-14 की पीआईपी में दिए गए दिशा निर्देशों का पालन करते हुए उनके लिए एक पॉलिसी बनाकर उन्हें नियमित किया जाए। जब तक नियमितीकरण की पालिसी बने, तब तक उन्हें सेवा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा, एक्सग्रेसिया तथा अपील और सजा, हरियाणा सिविल सर्विस रूल अनुसार प्रदान की जाए।
डीए वृद्धि का पत्र जारी करने के बाद भी अभी तक एनएचएम को बढ़े हुए डीए का लाभ नहीं दिया गया है। एनएचएम को बढ़े हुए डीए का लाभ तुरंत दिया जाए, एनएचएम के सेवा नियम हरियाणा सरकार की पहल तथा एनएचएम गवर्निंग बॉडी की अनुमोदना उपरांत वित्त विभाग से अनुमति लेते हुए कर्मचारियों पर लागू किए गए हैं। 2 नवंबर 2021 को मुख्यमंत्री द्वारा भी एनएचएम के लिए 7वें वेतन आयोग का लाभ देने की सैधांतिक मंजूरी दे दी गई थी, परन्तु बड़े खेद के साथ लिखना पड़ रहा है कि अभी तब एनएचएम को 7वें वेतन आयोग का लाभ नहीं दिया गया। एनएचएम को यह लाभ शीघ्र से शीघ्र दिया जाए, एनएचएम कर्मचारियों द्वारा एनएचएम कर्मचारी संघ हरियाणा व स्वास्थ्य कर्मचारी संघ हरियाणा के नेतृत्व में 2017 से 2022 तक की हड़तालों को ड्यूटी पीरियड मानते हुए उनका वेतन जारी करने का निर्देश दें।
सेवा नियमों में रह गई त्रुटियों व वेतन विसंगतियों को ठीक करने के लिए संघ के साथ वार्ता करके उन्हें दूर किया जाए, जिससे एनएचएम में कार्यरत एएनएम, स्टाफ नर्स, कम्प्यूटर प्राफेशनल, सभी काउंसलर, डीएसी, बीएसी, एसटीएस, एसटीएसएल व अन्य बहुत सी कैटेगरियों को होने वाले वित्तीय नुकसान को समाप्त किया जा सके। एनएचएम में कार्यरत जिन-जिन कर्मचारियों पर ड्रेस कोड लागू किया गया है उन्हें वर्दी भत्ता, धुलाई भत्ता दिया जाए व एनएचएम कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर समयाविधि में बढ़ी हुई सीएल, ईएल व सीसीएल प्रदान की जाए। इस अवसर पर उपप्रधान अमरजीत, डॉ. कृष्ण श्योरान, सलाहकार संजय, प्रेस प्रवक्ता संदीप जांगड़ा, डॉ. तरुण, अंजू, नीतू, सुनीता, सुनील, राजबीर, शयाम लाल, सूबे सिंह मौजूद रहे।