झज्जर। शहर के सामान्य बस अड्डा में हर स्टैंड पर सूची के नए बैनर लगाए जा रहे हैं। बस अड्डा की पुरानी सूची को हटाकर नई सूची लगाने का कार्य शुरू किया गया। वर्ष 2016 में झज्जर-रोहतक रोड पर नए बस अड्डे का उद्धाटन किया गया था, उसके बाद से बस अड्डा स्टैंड पर चस्पा किए गए बैनर को नहीं बदला गया था।
बस अड्डा परिसर में स्टैंड पर चस्पा किए गए बैनरों को करीब आठ वर्ष हो चुके हैं। अब स्टैंड पर लगे बैनर बिल्कुल जर्जर अवस्था में हो चुके हैं। इस कारण यात्रियों को अपने रूट को देखने में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब बस अड्डा परिसर में सभी स्टैंड के बैनर को बदला जा रहा है, इसके चलते यात्रियों को अपने स्टैंड को पता करने में आसानी होगी। पिछले तीन दिन से बस अड्डा परिसर में स्टैंड के बैनरों को बदलने का कार्य जारी है।
बैनरों के अंदर लगेगी लाइट
बस अड्डा परिसर में स्टैंड में जो बैनर लगाए जा रहे है। उनमें ट्यूब लाइट भी लगाई जाएगी। इसके चलते रात के समय में भी लोगों को बैनरों पर लगे रूट को देखने में आसानी होगी। इससे पहले बैनरों का रंग खराब हालात में होने के कारण लोगों को दिन-रात के समय में यात्रियों को अपने रूट को ढूंढने में परेशानी होती थी, लेकिन नए बैनर लगाए जाने के कारण यात्रियों को दिन के साथ रात में रूट पता करने में सुविधा होगी।
एम्स बाढ़सा के लिए 18 नंबर पर रुकेंगी बसें
शहर के बस अड्डा में चस्पा की गई स्टैंड की नई सूची में 18 नंबर पर बादली और एम्स बाढ़सा लिखा गया है। लंबे रूट पर से जो बसें झज्जर व बादली होकर गुरुग्राम की तरफ जाती है, वह बसें 18 नंबर कुछ समय के लिए रुकेंगी। इससे बाढ़सा एम्स में जाने वाले लोगों को आसानी होगी। कुछ साल पहले 18 नंबर से झज्जर सिटी के लिए बस चलती थी और झज्जर सिटी का बैनर लगा हुआ था।
जब से यह बस अड्डा बना है तब से स्टैंड पर लगे बैनरों को नहीं बदला जा सका है। अब करीब आठ वर्षों बाद स्टैंड के बैनरों को बदला जा रहा है। स्टैंड के बैनरों को बदलने से यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
- जितेंद्र सिंह, स्टेशन सुपरवाईजर, हरियाणा रोडवेज झज्जर डिपो