झज्जर। औरंगपुर गांव में घर जा रहे एक व्यक्ति के साथ उसके भतीजे व अन्य दो युवकों ने रास्ते में रोककर मारपीट की। उसके बाद जान से मारने की धमकी देकर व उसकी मोटरसाइकल तोड़कर चले गए। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव औरंगपुर निवासी नरेश ने बताया कि वह दो भाई हैं। उसके दूसरे भाई का देहांत हो चुका है। उसका परिवार गांव में ही रहता है। 8 नवंबर को उसकी भाभी ने उसके पास जमीनी मामले को लेकर कॉल की थी। इसके बाद वह पुलिस चौकी दुलीना गया। वहां नरेश ने पुलिस को कहा कि वह अपनी जमीन की पटवारी से पैमाइश करवाएगा। उसके बाद वह चौकी से वापिस अपने घर के लिए निकल गया। जब वह घर जा रहा था तो वह अपने गांव से थोड़ा पहले रोड पर अपनी मोटरसाईकल पर जा रहा था। तभी अचानक एक कार ने आकर उसके सामने ब्रेक लगाए। फिर थोड़ा आगे गांव की तरफ जाकर उसका रास्ता रोक लिया। इस दौरान उस गाड़ी की टक्कर मोटरसाइकिल से हुई। उसके बाद ड्राईवर सीट से उसका भतीजा धर्मदेव उतरा और उसके साथ दो लड़के और उतरे। आरोपी युवकों ने उसके साथ मारपीट की और धर्मदेव पिस्टल लिए हुए था। उसने भी उसके साथ मारपीट की और कहा कि आज के बाद अगर हमारी जमीन को जोता तो इस हथियार से जान से मार दूंगा। हथियार देखकर नरेश खेत की तरफ भाग लिया। उसके बाद उन्होंने अपने बिट्टों से उसकी मोटरसाईकल को भी तोड़ दिया। इसके बाद उसने डायल 112 पर कॉल की। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।