झज्जर के दो केंद्रों पर नीट यूजी की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। विद्यार्थी बोले कि पिछली बार से बेहतर पेपर हुआ है। 494 में से 287 ने परीक्षा दी थी। 207 बच्चे अनुपस्थित रहे। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए थे।
कुछ केंद्रों पर रविवार को नीट की राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा दोबारा आयोजित की गई। हरियाणा के झज्जर शहर के केंद्रीय विद्यालय और पुलिस लाइन स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। दोनों जगहों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के आयोजन को लेकर प्रशासन के कड़े इंतजाम थे।
विज्ञापन
दोनों केंद्रों के बाहर और अंदर पुलिस बल तैनात किया गया था। एसडीएम और एसीपी रैंक के अधिकारी परीक्षा के लिए व्यवस्था पर नजर रखे हुए थे। परीक्षा दोपहर दो बजे शुरू हुई और शाम 5 बजकर 20 मिनट पर समाप्त हुई। परीक्षा देकर आने वाले विद्यार्थी काफी खुश नजर आए।
विज्ञापन
केंद्रीय विद्यालय में 182 और डीएवी स्कूल 312 परीक्षार्थियों की परीक्षा थी। केंद्रीय विद्यालय में 182 में से 109 बच्चों ने परीक्षा दी और 73 बच्चे अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में 312 में से 178 बच्चों ने परीक्षा दी और 178 ने परीक्षा नहीं दी।
जिला मुख्यालय पर रविवार को दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित एनईईटी (राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा) शांतिपूर्वक रूप से संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर डीसी शक्ति सिंह ने स्थिति का जायजा लेते हुए परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का बारीकी से मूल्यांकन भी किया।
परीक्षा केंद्रों के बाहर 200 मीटर की परिधि में किसी प्रकार का बाहय हस्तक्षेप ना हो, इसके लिए धारा 144 लागू की गई थी। दोपहर 12 बजे से ही परीक्षार्थी केंद्रों पर आना शुरू हो गए थे। परीक्षा केंद्रों के अंदर व बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में एंट्री से काफी आगे ही पुलिस ने नाका लगाया हुआ था।
नाके से आगे केवल परीक्षार्थियों को जाने दिया गया। आवेदकों के साथ आए परिजनों को वहीं रोक दिया गया। केंद्रीय विद्यालय में भी गेट के अंदर केवल परीक्षार्थियों को जाने दिया गया। अंदर जाने के बाद मेटल डिटेक्टर से परीक्षार्थियों की जांच हुई। परीक्षार्थियों की कपडे़, जूते, चप्पल तक की भी जांच की गई। उसके बाद ही उनको अंदर जाने दिया गया। शाम 5 बजकर 20 मिनट पर परीक्षा समाप्त हुई। तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।