----फोटो 5 : नामांकन पत्र दाखिल कराते भाजपा प्रत्याशी नरेश कौशिक।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़ विधानसभा में अभी तक के नामांकन करने वालों में सबसे ज्यादा चल-अचल संपत्ति के मालिक भाजपा प्रत्याशी नरेश कौशिक रहे हैं। नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्र में पांच सालों में निवर्तमान विधायक नरेश कौशिक के पास तीन गुणा नकदी, बैंक बैलेंस व ज्वेलरी में हुई है।
साल 2014 में दिए गए शपथ पत्र में नरेश कौशिक के पास जहां नकदी, बैंक, बैलेंस व ज्वेलरी 29 लाख 14 हजार था वहीं 2019 में दिए शपथ पत्र में यह राशि बढ़कर 90 लाख रुपये तक पहुंच गई है। चल-अचल संपत्ति 1 करोड़ 40 लाख रुपये थी अब यह संपत्ति 1 करोड़ 55 लाख रुपये की है। शपथ पत्र के अनुसार 2014 में 40 लाख रुपये का लोन अदा किया है। वहीं इस बार 25 लाख रुपये का लोन दोबारा लिया है। भाजपा प्रत्याशी नरेश कौशिक की पत्नी संतोष कौशिक की नकदी व बैंक बैलेंस 23 लाख 55 हजार रुपये है वहीं 50 लाख की चल अचल संपत्ति है।
जजपा प्रत्याशी के पास जितने का मकान उतना ही लोन
वीरवार को नामांकन दाखिल करने वालों में जजपा प्रत्याशी संजय दलाल भी शामिल रहे हैं। बता देें कि जजपा प्रत्याशी संजय दलाल ने पहली बार विधानसभा चुनाव का पर्चा भरा है। संजय दलाल की पत्नी सविता दलाल के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे। प्रत्याशी की ओर से दिए गए शपथ पत्र में बताया गया कि उसके पास 54 हजार रुपये नकदी समेत 33 लाख 75 हजार रुपये बैंक बैलेंस है। दो गाड़ी हैं जो उनके बेटे के नाम पर हैं। कवरिंग के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले उनकी पत्नी सविता के पास 60 हजार रुपये नकदी समेत 48 लाख 38 हजार रुपये का बैंक बैलेंस है। 1 करोड़ 35 लाख रुपये का सेक्टर छह में मकान है लेकिन उन्होंने इस मकान का इतना ही लोन भी ले रखा है।
एलएसपी से किशन लाल पांचाल ने भरा नामांकन
लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के किशन लाल पांचाल के पास 3 लाख की नकदी समेत 25 लाख रुपये का बैंक बैलेंस व 1 करोड़ 1 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास 1 लाख रुपये की नकदी समेत 4 लाख 70 हजार रुपये का बैंक बैलेंस है।