हरियाणा के झज्जर में पूर्व विधायक एवं इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रहे नफे सिंह राठी व उनके साथ गाड़ी में बैठे मांडाठी निवासी जयकिशन की हत्या के मामले में सोमवार को काफी संख्या में मांडोठी के ग्रामीण व दलाल खाप के प्रतिनिधि लघु सचिवालय कमिश्नर और डीसीपी से मिलने पहुंचे।
दोनों अधिकारियों के नहीं मिलने पर सभी डीसी शक्ति सिंह से मिले और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर न्याय की गुहार लगाई। डीसी ने कहा कि इस मामले में गहनता से जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
किसान नेता चिंटू छारा, जयभगवान, सुभाष, महावीर, ओम, स्वरूप, प्रदीप, रामधन, लाल सिंह, ओम कुमार, बिजेंद्र, कप्तान स्वरूप सिंह ने कहा कि नफे सिंह और जयकिशन की हत्या के मामले में आज काफी संख्या में ग्रामीण पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त से मिलने आए थे, लेकिन दोनों अधिकारी नहीं मिले।
उसके बाद उपायुक्त शक्ति सिंह से मिलकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई है। डीसी ने विश्वास दिलाया है कि केस की ईमानदारी से जांच की जा रही है और न्याय मिलेगा। डीसी ने ग्रामीणों से पूछा कि क्या आपको किसी पर शक है तो बताओ, लेकिन ग्रामीणों ने इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि फिलहाल प्रशासन इस मामले में ढिलाई कर रहा है। अब तक ज्यादा सफलता पुलिस को नहीं लगा है।
हत्याकांड के बाद से क्षेत्र के लोगों में भय के साथ गुस्सा भी है। जब हादसा हुआ था, तब दोनों अधिकारी बहादुरगढ़ आए थे और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक सभी आरोपी और साजिशकर्ता गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। हालांकि उन्हें प्रशासन से उम्मीद है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर दूध का दूध और पानी का पानी किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि जिन लोगों के नाम एफआईआर में दर्ज है, पुलिस ने उनको सिक्योरिटी दे रखी है। उन लोगों से भी गहनता से पूछताछ की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस कुछ नहीं करती तो एक-दो दिन बाद फिर से पुलिस आयुक्त से हजारों लोग यहां आकर मिलेंगे। यदि पुलिस आयुक्त यहां नहीं मिलेंगे तो हम सोनीपत जाकर मिलेंगे।