बहादुरगढ़। लगातार मोबाइल और टीवी देखने से लोगों की मांसपेशियां अकड़ रही हैं और हाथों में सुन्नपन की शिकायत हो रही है।
इस समस्या से पीड़ित मरीज नागरिक अस्पताल की हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में पहुंच रहे हैं। वहीं डॉक्टर ऐसे मरीजों को लंबे समय तक आड़े-तिरछे बैठकर टीवी देखने व हाथों में मोबाइल न लेने की सलाह दे रहे हैं।
ऐसे मरीजों को फिजियोथेरेपी का सहारा लेना पड़ रहा है। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कुनाल कौशिक ने बताया कि सर्दी में बिस्तर में आड़े-तिरछे लेटकर व बैठकर घंटों टीवी और मोबाइल देखने से लोगों की मांसपेशियां अकड़ रही हैं।
ऐसा करने से गर्दन में भी दर्द हो रहा है। उन्होंने बताया कि ठंड में मांसपेशियां सिकुड जाती हैं। ऐसे में टेढ़े-मेढ़े तरीके से बैठने, लेटकर गर्दन ऊंची कर टीवी-मोबाइल देखने, लैपटॉप चलाने से दर्द बढ़ जाता है।