झज्जर। नगर परिषद की टीम ने मंगलवार को शहर में अतिक्रमण हटवाने का काम किया। इसकी शुरुआत बीकानेर चौक से की गई। नगर परिषद की टीम दोपहर को बीकानेर चौक पर पहुंची और यहां पर फुटपाथ पर सामान बेचने व रेहड़ी लगाने वालों को हटवाया। इसके बाद टीम आंबेडकर चौक पर पहुंची। यहां पूरे रास्ते में बाहर पड़े बोर्ड को हटवाया। इसके बाद आंबेडकर चौक पर खड़ी रेहड़ियों को भी हटवाया गया।
इसके बाद टीम यहां से पुराना बस अड्डा, ऑटो मार्केट से भगत सिंह चौक और मेडिकल रोड पर अतिक्रमण हटवाने के लिए पहुंची। यहां पर भी कई दुकानदारों ने बाहर अतिक्रमण किया हुआ था। इसके अलावा टीम ने बाहर पड़े बोर्ड को कब्जे में ले लिया। कई लोगों की ओर से रेहड़ी व तख्त लगाकर सामान बेचा जा रहा था, उनका सामान भी हटवाया गया। उनको चेतावनी दी गई कि भविष्य में उनका सामान जब्त कर लिया जाएगा। टीम में मुकेश सोनी, सुंदर, अमित, संजय मनोज दरोगा शामिल थे। नगर परिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर आनंद मलिक ने बताया कि शहर में कई जगहों पर अतिक्रमण हटाया गया था।
सिलानी गेट, बादली रोड पर 15 फीट तक अतिक्रमण, यहां ध्यान नहीं
शहर के मुख्य बाजार के अलावा सिलानी गेट, बादली रोड पर दुकानदारों ने 10 से 15 फीट तक अतिक्रमण किया हुआ है, लेकिन नगर परिषद की टीम ने आज तक यहां अतिक्रमण हटवाने का काम नहीं किया। यहां अतिक्रमण के कारण लोगों को पैदल तक चलने के लिए जगह नहीं मिलती है। पूरे फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा है। सिलानी गेट पर तो दो-तीन दुकानदारों ने पूरी सड़क पर कब्जा किया हुआ है, लेकिन उनको हटवाने की जिम्मेदारी कोई नहीं उठाता। पुलिस भी पूरा दिन यहां खड़ी रहती है, लेकिन कोई ध्यान प्रशासन का नहीं है।
दो लोगों के काटे चालान
प्रदूषण फैलाने पर नगर परिषद की टीम ने भगत सिंह चौक पर दो लोगों के चालान काटे। यह सड़क पर भट्टी जलाकर मूंगफली बेचने का काम कर रहे थे।