बहादुरगढ़। ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। नगर परिषद की ओर से रात को रुकने के लिए चार रैन बसेरे बनाए गए हैं। इन्हें धर्मशालाओं में बनाकर वहां कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं।
बहादुरगढ़ में बालौर रोड पर राजकीय महाविद्यालय के नजदीक नगर परिषद की ओर से स्थायी रैन बसेरा का निर्माण वर्ष 2020 में शुरु कराया गया था जोकि अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। नगर परिषद के अधिकारी इसके निर्माण कार्य के लिए दोबारा टेंडर लगाए जाने की बात कह रहे हैं। रैन बसेरे का करीब 30 प्रतिशत काम हो पाया है। नगर परिषद की रात गुजारने के लिए रैन बसेरे बनाए गए हैं। इनमें गद्दा, चादर, तकिया, कंबल और मच्छरदानी समेत शौचालय की सुविधा है। दिल्ली-रोहतक रोड पर नप कार्यालय के साथ लगती छोटूराम धर्मशाला, किला मोहल्ला स्थित पंजाबी धर्मशाला, रेलवे रोड पर नगर परिषद की जमीन पर अस्थायी रैन बसेरा बनाया गया है। वहीं आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में मेहनत-मजदूरी व रेहड़ी लगाने वालों के लिए रैन बसेरे का इंतजाम किया है। यहां पर पार्ट-बी में फायर ब्रिगेड कार्यालय के साथ अस्थायी रैन बसेरा बनाया गया है। यहां पर ठंड के मौसम में रात को लोग अपना जीवन बिताएंगे। सभी स्थानों पर रैन बसेरे तैयार किए गए हैं।
वर्जन...
शहर में चार स्थानों पर रैन बसेरे बनाए गए हैं। इनमें छोटूराम धर्मशाला, पंजाबी धर्मशाला, रेलवे रोड और एमआइई में फायर ब्रिगेड के कार्यालय के साथ शामिल हैं। सभी जगह साफ सफाई करवा दी गई है। कोई भी व्यक्ति ठंड के मौसम में इन रैन बसेरों में पहुंच सकता है।
-सुनील हुड्डा, एसआई, नगर परिषद बहादुरगढ़।