फोटो 60: दुकान पर सील लगाते नगर परिषद के कर्मचारी। संवाद
बहादुरगढ़। नगर परिषद और ट्रैफिक दस्ता शुक्रवार की दोपहर जेसीबी लेकर सड़कों पर उतरा। इस दौरान शहर में अतिक्रमण, झुग्गियों और मीट बेचने वाले दुकानों पर जमकर तोड़फोड़ की गई। नगर परिषद ने जेसीबी से शहर में 15 झुग्गियां, 11 खोखे तोड़े और 5 मीट की दुकानें सील की गई।
शहर के कई मार्गों पर अवैध झुग्गियां बनाई जा हैं। इसकी शिकायत क्षेत्रवासियों की ओर से नगर परिषद अधिकारियों को की जा रही थी। शुक्रवार को नगर परिषद के सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा, बीआई विवेक जैन और ट्रैफिक एसीपी दिनेश कुमार दलबल के साथ जेसीबी लेकर सड़कों पर उतरे तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने सड़क पर रखे सामान को उठा लिया। इसके बाद दस्ता सीधा ड्रेन वाले रास्ते पर पावर हाउस चौक के पास पहुंचा। यहां पर काफी संख्या में अवैध रूप से झुग्गियां बनाई गई थी। जेसीबी की मदद से दस्ते ने तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की तो लोगों ने विरोध किया। मगर तोड़फोड़ कार्रवाई जारी रही।
इसके बाद दस्ता अनाज मंडी और नाहरा नाहरी रोड पर बने फ्लाईओवर पहुंचा। फ्लाईओवर के नीचे बनी पांच अवैध मीट की दुकानों को सील किया गया। टीम की कार्रवाई की लोगों ने सराहना की और कहा कि प्रशासन समय समय पर ऐसी कार्रवाई करता रहे।
नगर परिषद की ओर से शुक्रवार को ड्रेन वाले रास्ते पर 15 झुग्गियां, 11 खोखे तोड़े गए हैं और 5 मीट की दुकानें सील की गई हैं। नगर परिषद की तोड़-फोड़ की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अतिक्रमणकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
- सुनील हुड्डा, सफाई निरीक्षक, नगर परिषद बहादुरगढ़।