झज्जर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए तीसरा चरण शुरू हो चुका है। अब बुजुर्गों व गंभीर बीमारी वाले लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीका लगवाकर देश वासियों को संदेश दिया है कि कोरोना बचाव का टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। इसका शरीर पर कोई बुरा प्रभाव नहीं है। यह बात सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल ने शनिवार को सामान्य अस्पताल का दौरा करने के दौरान कही।
टीकाकरण और दूसरी अन्य सुविधाओं की अस्पताल प्रबंधन से रिपोर्ट मांगी। इसमें अस्पताल कर्मचारियों ने टीकाकरण की सभी प्रक्रियाओं के बारे में सांसद दुग्गल को अवगत कराया। सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से 36 सरकारी अस्पताल और 12 निजी अस्पतालों को टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों, जिन लोगों को गंभीर बीमारी है। 45 साल से ऊपर की आयु है, उनको यह टीका लगाया जा रहा है।
- खराब हुई लिफ्ट को जल्द ठीक कराने के दिए निर्देश
सांसद सुनीता दुग्गल ने सामान्य अस्पताल में खराब पड़ी लिफ्ट को ठीक करवाने के लिए कड़े निर्देश दिए। वहीं यह भी कहा कि बुजुर्गों और महिलाओं को नीचे से ऊपर जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए इनको टीके प्रथम तल पर ही लगाए जाएं। जिससे उनको कोई दिक्कत न हो। इतना ही नहीं सांसद के सामने एसएमओ डॉ. अरुणा सांगवान पर भी कैंटीन संचालक ने आरोप लगाए कि कोरोना काल से वह अस्पताल में डाईट उपलब्ध करवा रहा हैं। उसके करीब ढाई लाख रुपये के बिल बकाया हैं। लेकिन उससे बिल पास करने के बदले में 20 प्रतिशत रिश्वत भी मांगी जा रही है। मामले में उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को लेकर कसा तंज
सांसद ने कहा कि सभी विपक्षी दल का अविश्वास प्रस्ताव को लेकर जो भ्रम था वह विधानसभा में टूट गया है। भाजपा को 55 विधायकों का बहुमत हासिल हुआ है। जिससे विपक्षी दल का भ्रम का घड़ा फूट गया है। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा में शुक्रवार को पेश हुए बजट को लेकर प्रदेश की जनता काफी खुश है। मध्यमवर्ग और निचले वर्गों का ध्यान रखते हुए मुख्यमंत्री ने बजट में काफी सुधार किए हैं।
आंदोलन किसानों का हक, लेकिन विकास की गति में न बनें बाधा
सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि आंदोलन करना हर किसी का हक है। लेकिन किसानों को विकास कार्यों में बाधा नहीं बनना चाहिए। कहीं भी किसी योजना के शुभारंभ या उद्घाटन का विरोध नहीं करना चाहिए। सरकार जो कानून लेकर आई है वह किसानों पर थोंपे नहीं जा रहे हैं। एमएसपी पहले भी थी। आज भी है और आगे भी रहेगी। इससे पहले इतना समर्थन मूल्य किसी भी सरकार ने नहीं दिया है।
अस्पताल के कर्मचारियों व भाजपा के कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
सांसद दुग्गल का सामान्य अस्पताल पहुंचने पर अस्पताल प्रबंधन की टीम और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता सुनीता चौहान, दिनेश गोयल, मंडल अध्यक्ष केशव सिंघल, सोमबीर यादव, सुनीता धनखड़, मनीषा चौपड़ा, महेंद्र कौर, गोपाल गोयल अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।