झज्जर। कृषि कानूनों को लेकर पिछले 6 माह से दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों की तरफ से कोरोना वैक्सीन न लगवाए जाने की घोषणा पर सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल ने प्रतिक्रिया दी है। दुग्गल ने कहा है कि आंदोलन अपनी जगह पर है और आंदोलन के साथ-साथ स्वास्थ्य का ख्याल रखना भी जरूरी है। आंदोलन भी तभी होगा जब स्वास्थ्य ठीक होगा।
दुग्गल सोमवार को नागरिक अस्पताल में कोरोना बचाव के लिए वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने आई थी। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि किसानों की इस समस्या का समाधान केवल और केवल बातचीत के माध्यम से हो सकता है। वह चाहती हैं की बातचीत का दौर जल्द दोबारा शुरू हो। इस दौरान दुग्गल ने आमजन से भी आह्वान किया कि वह वैक्सीन जरूर लगवाएं और समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच जरूर कराएं। दुग्गल ने जिले में दो लाख लोगों द्वारा वैक्सीन की डोज लगवाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने माना कि जिस समय देश में कोरोना आया उस समय सरकार के पास इस बीमारी से निपटने का अनुभव नहीं था। कारण कि सौ साल बाद ही ऐसी महामारी आई है। लेकिन आज हालात यह है कि पीएम नरेंद्र मोदी की दिमागी सूझबूझ के चलते हम इस बीमारी से निपटने में पूरी तरह से परिपक्व है। आज देश में न तो बेड की कमी है और न ही ऑक्सीजन की। आज पूरे देश में हालात सामान्य है। कोरोना की संभावित तीसरी लहर पर बोलते हुए दुग्गल ने कहा कि परमात्मा सब ठीक रखेगा और उन्हें पूरी उम्मीद है कि किसी को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। सांसद सरकार देशभर में छोटे-छोटे कैंप लगाकर लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं।