बहादुरगढ़। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा की हरियाणा राज्य और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने को लेकर दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा सरकार वैसे भी नैतिकता के आधार पर लोगों का विश्वास खो चुकी है। सांसद दीपेंद्र ने शनिवार को गांव लाडपुर में संत रविदास जयंती कार्यक्रम में शिरकत की।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार किसी भी लिहाज से भरोसे के लायक नहीं है। अब विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव से यह साफ हो जाएगा कि सरकार में मौजूद कौन-कौन से विधायक किसान और मजदूर के साथ खड़े हैं। हुड्डा ने कहा कि अनियंत्रित निजीकरण और बेरोजगारी सबके लिए चिंता का विषय है। किसानों द्वारा अपनी फसल नष्ट किए जाने पर सांसद ने कहा कि किसान भाई ऐसा न करें, इससे इस सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ेगा, बल्कि किसानों और अन्य सभी का नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि किसान लगातार अपनी जायज मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं और वह व कांग्रेस पार्टी इन किसानों के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं। बंगाल चुनाव पर उन्होंने कहा कि भाजपा तो निश्चित तौर पर करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
अविश्वास प्रस्ताव लाने का नाटक कर रहे हुड्डा
इधर, इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि कांग्रेस बेदम हो चुकी है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा आंदोलनकारी किसानों के समर्थन के नाम पर भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का नाटक कर रहे हैं। अगर हुड्डा में हिम्मत थी तो उन्होंने अभय चौटाला की तरह किसान आंदोलन के समर्थन में इस्तीफा क्यों नहीं दिया। वह सच्चे किसान हितैषी हैं तो उन्हें विधानसभा से इस्तीफा देकर किसानों के साथ आना चाहिए।