फोटो-62: बहादुरगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते भाई-बहन। स्रोत संगठन
बहादुरगढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बहादुरगढ़ स्थित विभिन्न सेवा केंद्रों पर रविवार को मातृत्व दिवस (मदर्स डे) मनाया गया। कार्यक्रमों में मातृत्व की महिमा का गुणगान करते हुए समाज निर्माण में माताओं के निस्वार्थ योगदान को सराहा गया।
सेक्टर-2 सेवा केंद्र में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी विनीता दीदी ने कहा कि माता केवल जन्म देने वाली ही नहीं, बल्कि सहनशीलता, प्रेम और त्याग की साक्षात प्रतिमूर्ति होती है। उन्होंने कहा कि एक मां अपने बच्चों को श्रेष्ठ संस्कार देकर उनके जीवन को खुशहाल और समृद्ध बनाती है। मां का हृदय प्रेम, धैर्य और करुणा का अथाह सागर होता है।
कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी दीदी ने मातृत्व को समर्पित भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की, जिसने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। वहीं रूबी दीदी, कोमल दीदी और अंजू दीदी ने भी माताओं के महत्व पर अपने विचार साझा किए।