बादली (बहादुरगढ़)। दरियापुर गांव के खेत में बने एक कमरे में एक व्यक्ति की तार से गला दबाकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त तार बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
दरियापुर निवासी विनय गुलिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि भाई सुधीर (32) 7 मई को घर से खेतों की ओर घूमने गया था तभी से लापता था। शनिवार रात करीब दो बजे खेत में बने कमरे में शव पड़ा होने की सूचना मिली। विनय के अनुसार कमरे में ही दीपक निवासी दरियापुर, रवि बादली और एक अन्य व्यक्ति मौजूद थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दिल्ली के जाफरपुर स्थित राव तुलाराम अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। थाना प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी दीपक निवासी दरियापुर को गिरफ्तार कर लिया है। राकेश कुमार ने बताया की हत्या कहासुनी में की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।