झज्जर। मानसून आ चुका है, लेकिन सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने पंप सेटों के लिए बिजली कनेक्शन नहीं लिए हैं। 15 मई से सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने पंप सेटों के लिए बिजली कनेक्शन लेने के लिए आवेदन करना शुरू किया था और अब तक बिजली कनेक्शनों के लिए आवेदन किए जा रहे हैं। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने विभाग ने शुक्रवार को पांच पंप सेटों के बिजली कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया है।
अब तेज बारिश होती है तो किसानों व ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की तरफ से 15 मई से अब तक 166 पंप सेटों पर बिजली कनेक्शनों के लिए आवेदन किया गया है। इसमें से 75 पंप सेटों के बिजली कनेक्शन मिल चुके हैं, जबकि 46 पंप सेटों के बिजली कनेक्शनों पर प्रक्रिया जारी है। वहीं 45 पंप सेटों के बिजली कनेक्शनों को डबल आवेदन व गलत साइट पर आवेदन करने के कारण रद्द किया गया है।
बिजली निगम का कहना है कि सिंचाई विभाग की तरफ से पंप सेटों के लिए आवेदन किए गए बिजली कनेक्शनों को जल्द ही सुचारू करा दिया जाएगा। वहीं मानसून को देखते हुए सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की तरफ से बाढ़ राहत कार्यों के लिए कार्य किया जा रहा है, लेकिन अभी तक पंप सेटों के लिए बिजली कनेक्शनों की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण यह कार्य अधूरे हैं। जबकि यह कार्य 30 जून तक हो जाना चाहिए था।
इन गांवों में लगेंगे बिजली कनेक्शन
सुबाना, समसपुर माजरा, आसौदा, दुबलधन, गोच्छी, बेरी, माजरी-डी, माजरा-बी, छारा, बिरधाना, ढाकला, अकेहड़ी मदनपुर, कासनी, गोधडी, डीघल व अन्य।
जिले में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की तरफ से अब तक बिजली निगम में 166 पंप सेटों के बिजली कनेक्शनों के लिए आवेदन किया गया है। इसमें से 75 कनेक्शन बिजली निगम की तरफ से दिए जा चुके है। वहीं बचे हुए कनेक्शनों पर प्रक्रिया जारी है। 15 जुलाई से पहले बचे हुए सभी पंप सेटों के कनेक्शन बिजली निगम से मिलने की उम्मीद है।
- प्रतिभा, एक्सईएन मैकेनिकल, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की तरफ पंप सेटों के बिजली कनेक्शनों के लिए बिजली निगम में आवेदन किया गया है। बिजली निगम की तरफ से 75 पंप सेटों के बिजली कनेक्शन दिए जा चुके हैं। 46 पंप सेटों के बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया जारी है। एक से दो दिन में प्रक्रिया पूरी कर कनेक्शन दे दिए जाएंगे। इसके अलावा 45 पंप सेटों के बिजली कनेक्शनों को डबल आवेदन व गलत साइट पर आवेदन करने के कारण बिजली निगम की तरफ से रद्द किया गया है।
- यशबीर सिंह, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम, झज्जर