05jjrp15- सिविल अस्पताल में परिजनों से बातचीत करते पुलिस कर्मचारी। संवाद
झज्जर। इमलोटा गांव स्थित सर्वोदय स्कूल में चल रहे जीरो पीरियड के दौरान स्कूल के खेल परिसर में खेल रहे 13 साल के किशोर लक्ष्य की हार्ट अटैक से मौत हो गई। हार्ट अटैक किस कारण आया, इसका पता विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्फाकिया कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव उसके पिता भूप सिंह को सौंप दिया।
रोहतक के गांव पिलाना निवासी 13 वर्षीय लक्ष्य चरखीदादरी के गांव इमलोटा के सर्वोदय स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता था। उसे परिजनों ने शनिवार सुबह घर से तैयार करके स्कूल भेजा था। वह स्कूल आने के बाद जीरो पीरियड में अपने सहपाठियों के साथ ग्राउंड में खेल रहा था।
जैसे ही वह दौड़ लगाकर स्टाफ के पास आया तो उससे पूछा कि तुम ठीक हो। इस पर लक्ष्य ने हां का जवाब दिया, लेकिन इसी दौरान लक्ष्य को चक्कर आ गए और वह जमीन पर गिर गया। स्कूल स्टाफ तुरंत किशोर को गांव के निजी अस्पताल ले गया। वहां से स्टाफ सदस्य उसे झज्जर के निजी अस्पताल ले आए। रास्ते में ग्वालिसन रोड पर लक्ष्य को मुंह व नाक से उल्टियां भी आईं।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, इसमें मृत्यु का पहला कारण हार्ट अटैक आया है। हार्ट अटैक किन कारणों की वजह से आया है, उसका पता विसरा रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा।
सर्वाेदय स्कूल इमलोटा में पढ़ने वाले किशोर की मौत की सूचना मिली थी। सूचना पाकर वह झज्जर अस्पताल पहुंचे थे। यहां पता लगा कि स्कूल में खेलते समय किशोर को चक्कर आए थे, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाए हैं और न ही कोई शिकायत दी है। पोस्टमार्टम में प्रथम दृश्यता चिकित्सकों ने हार्ट अटैक के कारण किशोर की मौत का कारण बताया है। हार्ट अटैक किस वजह से हुआ है, यह विसरा रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।
- शक्ति सिंह, जांच अधिकारी, सदर चरखीदादरी