क्षेत्र के गांव मदाना और महराणा के घरों में हुई बड़ी चोरियों का अभी कोई सुराग ही नहीं लगा था कि मंगलवार की रात इसी क्षेत्र के गांव दुजाना में चोरों ने भगवान के घर में ही चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला।
चोरों ने यहां के दुर्गा शक्ति मंदिर में मेन गेट का ताला तोड़कर सोने और चांदी के कीमती आभूषण और मंदिर के दान-पात्र में रखी हजारों रुपये की राशि पर अपना हाथ साफ किया।
चोरी की घटना का पता उस समय चला जब बुधवार की सुबह मंदिर का पुजारी आरती के लिए मंदिर में पहुंचा। बाद में पुजारी ने इसकी सूचना ट्रस्ट की प्रधान ज्योति और स्थानीय पुलिस को दी।
मंदिर के पुजारी दीपक शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सुबह की आरती के लिए मंदिर मे आया था तो मेनगेट का ताला टूटा पड़ा था। मंदिर के अंदर चांदी के सात छत्र, मूर्ति से सोने की दो बालियां, एक नथ, गल्ले से हजारों की नकदी गायब मिले।
इसकी सूचना उन्होंने ट्रस्ट के सदस्यों को दी। चोरी की घटना सूचना मिलने पर डीएसपी धीरज, सदर थाना प्रभारी चंद्रवीर, दुजाना चौकी इंचार्ज राजबीर लांबा मौके पर पहुंचे और फिंगर प्रिंट्स एक्सपर्ट की सहायता से वारदात के फैक्ट्स जुटाए और कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये हो चुकी हैं वारदात
ग्रामीणों ने बताया कि एक साल पहले गंाव के राधा कृष्ण मंदिर से मूर्तियां चोरी हुई थीं, वहीं बिरधाना रोड पर स्थित याकू महाराज का मेन गेट ही चोरों ने उठा लिया था। गांव ही प्राचीन कुटिया से चोरों ने इन्वर्टर और बैटरी चुराई गई थीं।
यही नहीं गत 28 मार्च को गांव के पांच विभिन्न घरों में चोरों ने ताले चटकाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। वहीं गत 20 मई की रात को मदाना गंाव से लाखों की ज्वैलरी और 35 हजार की नकदी और एक सप्ताह के भीतर ही 26 मई को महराना गांव में दिल्ली पुलिस के सिपाही कर्मपाल के मकान से 2 लाख की नकदी और 20 तोला सोना चोरी हुआ था।
एक भी मामला नहीं हुआ ट्रेस
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय में ही चोरी की इन घटनाओं में से पुलिस अभी तक एक भी केस को ट्रेस नहीं कर सकी है।
दुजाना पुलिस चौकी इंचार्ज राजबीर लांबा का कहना था कि चोरी की सूचना सुबह ही उन्हें मिली थी। मंदिर मे जाकर मौका मुआयना किया है। मंदिर में चोरी करने वालों को पुलिस जल्द काबू कर लिया जाएगा।