बहादुरगढ़। प्रतिभाओं को निखारने एवं उनको बेहतर मंच प्रदान करने के लिए प्रसिद्ध संस्था तरंग ग्रुप हजारीबाग की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर सौंदर्य सह मॉडलिंग प्रतियोगिता मिस्टर ऐंड मिस क्वारंटीन इंडिया 2020 का आयोजन किया गया। बहादुरगढ़ के माडर्न सीनियर सेकेेंडरी स्कूल की छात्रा हीना दहिया ने मिस टीन क्वारंटीन इंडिया का खिताब जीता।
प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में मुख्य निर्णायक की भूमिका हॉलीवुड डायरेक्टर प्रोड्यूसर विलियम बॉन्ड, फेमिना मिस इंडिया 2019 की फाइनलिस्ट शिप्रा दूबे, मिस्टर स्पिंग इंडिया 2010 मोहम्मद अली, टॉमी हिलफिगर की कंटेंट राइटर मनदीप कौर, सैंडस्टोन प्रो के चेयरमैन पंकज कमल एवं फीड बैक रिसर्चर दीपक गुप्ता ने निभाई। प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 18 अक्तूबर 2020 की देर रात ऑनलाइन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में लगभग 700 प्रतिभागियों के चार चरण से गुजरने के बाद 5 वर्ग में अंतिम रूप से 25 प्रतिभागियों का चयन फाइनल राउंड के लिए हुआ। इसमें मुख्य शीर्षक टीन क्वारंटीन इंडिया में बहादुरगढ़ के मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हीना दहिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्रा हीना को 21 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया। शनिवार को स्कूल में पहुंचने पर हीना दहिया का स्कूल निदेशक राकेश कोच ने स्वागत किया। स्कूल की ओर से 11 हजार की राशि विजेता को दी गई।