बहादुरगढ़। दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके से सांपला के लिए किराये पर बुक की कार को तीन युवकों ने शुक्रवार देर रात पिस्तौल दिखाकर लूट लिया। पीड़ित चालक ने बताया कि युवकों ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर कार को रुकवाया और उनकी कनपटी पर पिस्तौल तान महिला थाने से करीब 200 मीटर दूर उतारकर फरार हो गए। इसके बाद चालक ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
पुलिस को दी शिकायत में जींद जिले के अटालगढ़ का रहने वाला संजय कार चलाता है। संजय के अनुसार शुक्रवार देर रात वह पीरागढ़ी मेट्रो स्टेशन के नजदीक खड़ा था। उसी दौरान तीन युवक आए और सांपला तक कार बुक की। पीरागढ़ी से चलकर वह बहादुरगढ़ बाईपास पर पहुंचा ही था कि एक युवक ने तबीयत खराब होने की बात कहकर कार रुकवा ली। इसी दौरान एक युवक पीछे वाली सीट से उसके पास आया और कार से नीचे उतरने की बात की। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने पिस्तौल तान दी। इसके बाद एक युवक कार चलाने लगा और उसे पीछे की सीट पर बैठा लिया। इसके बाद बदमाश उसे बहादुरगढ़ में महिला थाने से करीब 200 मीटर दूर उसे उतार कर भाग निकले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर-6 क्षेत्र के अंतर्गत एचएसआईआईडीसी सेक्टर-16, 17 के नजदीक हुई कार लूट की घटना में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कार बरामद कर ली जाएगी।
- हरिप्रकाश, चौकी इंचार्ज, सेक्टर-16,17 एचएसआईआईडीसी।