बहादुरगढ़। कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। बहादुरगढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है। इन दिनों दिल्ली बार्डर पर किसान डटे हुए हैं। ऐसे में शहरवासियों के लिए दिल्ली जाने के लिए केवल दिल्ली मेट्रो ही एक ऐसा साधन है जो यात्रा को सुगम बनाता है। ऐसे में रोहतक-दिल्ली दैनिक रेल यात्री समिति के प्रवक्ता ने डीएमआरसी को ट्वीट कर गाड़ियों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।
समिति के प्रवक्ता सतपाल हाडा का कहना है कि बहादुरगढ़ में ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेशन से प्रतिदिन हजारों मेट्रो रेल यात्री दिल्ली की तरफ सफर करते हैं। टीकरी बॉर्डर बंद होने से रोहतक, सांपला, भिवानी, जींद के अलावा अन्य कई जिलों से यात्री मेट्रो ट्रेन से दिल्ली आते जाते हैं। डीएमआरसी की ओर से ट्रेनें बढ़ाई जानी चाहिए। मेट्रो स्टेशन पर भारी भीड़ होने से कोरोना वायरस संक्रमण फैलने का डर है इसलिए ट्वीटर हैंडल के माध्यम से इस लाइन पर ट्रेनें बढ़ाने की मांग की गई है।
बहादुरगढ़ से प्रतिदिन पंजाबी बाग इलाके में काम धंधे पर जाने वाले सुनील कुमार, योगेश गुप्ता, विकास शर्मा, नवीन रोहिल्ला ने बताया कि वह मेट्रो के जरिये पिछले कई महीनों से दिल्ली आते-जाते हैं। मगर, अब कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। यात्रियों की संख्या मेट्रो स्टेशनों पर ज्यादा होने लगी है। ऐसे में डीएमआरसी को चाहिए कि मेट्रो ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि स्टेशनों पर भीड़भाड़ कम हो और यात्रियों को भी आराम मिल सके। इससे कोरोना से भी बचाव होगा। उनका कहना है कि स्टेशन पर ज्यादा देर से ट्रेन आती है तो यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। इससे कोरोना फैलने का डर यात्रियों में बना रहता है।