बहादुरगढ़। मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर नीति को लेकर मंगलवार को निगम कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन कर रोष जताया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करती हुए इस फैसले को वापस लेने की मांग की है।
यह प्रदर्शन यूनिट स्तर पर ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन हैड आफिस हिसार के आह्वान पर किया गया। प्रदर्शन के बाद निगम कर्मचारियों ने एसडीओ राहुल वर्मा के माध्यम से हरियाणा सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनिट प्रधान उमेश कुमार ने की व मंच संचालन यूनिट सचिव राकेश ने किया।
राज्य उप प्रधान बंसीलाल ने कहा कि यूनियन शुरू से ही मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर नीति का विरोध करती आ रही है। ऑनलाइन ट्रांसफर नीति में कर्मचारी घर से दूर रह कर काम अच्छे से नहीं कर पाएगा। राज्य कमेटी सदस्य रविंद्र दलाल व ब्लॉक प्रधान बिजेंद्र सैनी ने कहा कि टेक्निकल कर्मचारी का तबादला होने के बाद एक्सीडेंट रेशो बढ़ेगा।
लाइनों की जानकारी के अभाव में काफी हादसे बढ़ जाएंगे और डिफाल्टर की रिकवरी प्रभावित होगी। यूनिट सचिव राकेश कुमार ने कहा कि तबादला नीति लागू होने से बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्ग माता पिता की देखभाल पर भी असर पड़ेगा।
यूनिट प्रधान उमेश कुमार व अन्य ने कहा कि बिजली बिल 2023 को रद्द किया जाए। विरोध में जोगेंद्र, प्रदीप जेई, ऋषि प्रकाश, सोनू, मधु, निशा, दीपिका, कांता, अंकुर, ललित, भगत, तेजपाल, हरीश, मनोज, राकेश, कुलवंत, दशरथ, सीनू सिंह आदि ने भाग लिया।