05jjrp11- कांस्टेबल अमित के अंतिम संस्कार में पहुंचकर पुष्प अर्पित करते पुलिस अधिकारी।
झज्जर। गुरुग्राम क्राइम ब्रांच में तैनात झज्जर के दो पुलिस कर्मियों की उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में हुए एक्सीडेंट में मौत के बाद शव देर रात उनके निवास पर पहुंचे। यहां शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मंगलवार को सुबह कांस्टेबल अमित के शव का रामबाग शमशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। अमित के शव को छोटे भाई अजीत ने मुखाग्नि दी।
इससे पहले राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। यहां क्राइम ब्रांच गुरुग्राम से एसीपी मुकेश ने पहुंचकर चिता पर पुष्प अर्पित किए। गार्द ने हवाई फायर कर अंतिम सलामी दी। वहीं अंतिम संस्कार के बाद अमित के घर पर भी परिवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। हर कोई परिवार को ढांढस बंधाता दिखा। यहां बता दें कि झज्जर के सीताराम गेट निवासी अमित 2018 में पुलिस में भर्ती हुआ था।
उनकी इस समय ड्यूटी गुरुग्राम में थी। वह रविवार को केस के सिलसिले में सब इंस्पेक्टर संजय व अन्य साथियों के साथ जा रहे थे। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर के पास सड़क हादसे में अमित और संजय की मौत हो गई थी। सोमवार देर रात शव घर पहुंचे। मंगलवार सुबह अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
05jjrp11- कांस्टेबल अमित के अंतिम संस्कार में पहुंचकर पुष्प अर्पित करते पुलिस अधिकारी।