-फोटो 52 : सेक्टर-6 लूटकांड का मुख्य सूत्रधार दीपक पुलिस गिरफ्त में। स्रोत पुलिस विभाग
बहादुरगढ़। शहर के पॉश इलाके सेक्टर-6 में अध्यापक के घर लूटकांड का मुख्य सूत्रधार भतीजा ही निकला। आरोपी पर पहले आसौदा थाना क्षेत्र में एक हत्या का केस दर्ज है। इसी मामले में वह कुछ समय पहले ही जमानत पर आया था। आरोपी ने अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर अपने ताऊ के घर पर लूट की वारदात को अंजाम दिलाया। इस वारदात के दो अन्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। अधिकारियों का दावा है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की कई टीमें आरोपियों को पकड़ने में जुटी हुई हैं। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया।
11 मार्च को दोपहर के समय सेक्टर-6 स्थित 114 नंबर मकान में सुए के नोंक पर एक युवक से दो बदमाश घर में घुसकर लूटपाट की वारदात कर गए थे। वारदात आर्यन उर्फ साहिल (22) के साथ हुई थी। आर्यन के पिता रमेश ने बताया था कि दोपहर के समय उनका बेटा घर पर अकेला था। उसी दौरान एक स्कूटी पर सवार होकर आए और दोपहर 1 बजकर 26 मिनट पर दो नकाबपोश बदमाश उनके घर में घुसे थे और उन्होंने आर्यन के हाथ पैर बांधते हुए सुए के नोंक पर घर पर अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये, तीन सोने की चैन और एक अंगूठी ले गए थे। जाते समय बदमाश आर्यन का आई-फोन और पर्स भी ले गए थे। थाना सेक्टर-6 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि जिस स्कूटी पर बदमाश सवार होकर आए थे वह भी चोरी की हुई थी।
पुलिस उपायुक्त मयंक मिश्रा ने बताया कि थाना में तैनात सहायक उप निरीक्षक राजू की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक निवासी रेवाड़ी खेड़ा हाल सेक्टर-6 बहादुरगढ़ के तौर पर की गई। आरोपी दीपक रमेश का भतीजा है और वह हत्या के एक केस में जमान पर बाहर आया हुआ था। पूछताछ में सामने आया कि दीपक हत्या के मामले में झज्जर जेल में बंद था। इसी ने अपने साथियों को बताया था कि अलमारी में काफी रुपये, सोना व चांदी के जेवरात रखे हैं। ताऊ और ताई ड्यूटी पर चले जाते हैं। तुम समय करीब 11-12 बजे दिन में आ जाना और जेवरात चोरी करके ले जाना। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
-फोटो 52 : सेक्टर-6 लूटकांड का मुख्य सूत्रधार दीपक पुलिस गिरफ्त में। स्रोत : पुलिस विभाग
-