झज्जर। झज्जर-गुरुग्राम मार्ग से होते हुए अपने गांव उखलचना कोट जा रहे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें शहीद के छोटे भाई की मौत हो गई और दूसरा युवक घायल हो गया। शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। घायल का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
गांव उखलचना कोट निवासी दो युवक रिंकू व विकास मोटरसाइकिल पर किसी काम से झज्जर आए थे। वह झज्जर-गुरुग्राम मार्ग से होते हुए वापस अपने गांव उखलचना कोट जा रहे थे। इस दौरान कोट मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इसमें 32 वर्षीय युवक रिंकू की मौत हो गई जबकि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रिंकू के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवाया गया। घायल का नागरिक अस्पताल में उपचार किया गया। रिंकू परिवार में अकेला कमाने वाला था।
हादसे की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर रिंकू की गंभीर चोटों के चलते मौत हो चुकी थी जबकि उसका साथी विकास गंभीर रूप से घायल था। विकास को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसी के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी चालक की जल्द ही पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- राजेश कुमार, जांच अधिकारी
सात वर्ष पहले शहीद हुआ रिंकू का बड़ा भाई
परिजनों ने बताया कि रिंकू का बड़ा भाई अंकुर शर्मा करीब सात वर्ष पहले जम्मू-कश्मीर में भारी हिमपात के दौरान ड्यूटी निभाते हुए शहीद हुए थे। रिंकू की सड़क हादसे में मौत की खबर से परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया है। गांव के ही जोगिंद्र ने बताया कि रिंकू का भाई अंकुर देश की सेवा करने के दौरान कई साल पहले जम्मू कश्मीर में शहीद हो गया था। मृतक रिंकू अकेला घर में कमाने वाला था।
पापा को पूछता रहा बेटा
सड़क हादसे में रिंकू की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया। मृतक रिंकू के दो लड़के हैं। रिंकू का बड़ा बेटा इस दौरान अपने पापा को पूछता रहा कि उसका पापा कब आएगा। वहीं, इसके बाद परिवार ने रिंकू के बेटे को संभाला। रिंकू का बड़ा बेटा करीब पांच वर्ष व छोटा बेटा करीब डेढ़ वर्ष का है।
20jjrp14- झज्जर। नागरिक अस्पताल में पहुंचे मृतक के परिजन। संवाद- फोटो : पकड़े गए आरोपी शिवम, सूरज, आकाश और मुदित।