-फोटो 54 : ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में स्मारक का निरीक्षण करते नप अधिकारी व रमेश राठी।
- फोटो : bah
बहादुरगढ़। नगर परिषद बहादुरगढ़ अब शहर के शहीद स्मारकों को नया रूप देने जा रही है। नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने कहा कि शहीदों के स्मारक हमारी वीरता, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की पहचान हैं। इन स्मारकों का सुंदरीकरण नगर परिषद की प्राथमिकता में शामिल है ताकि नई पीढ़ी को देश के शहीदों के प्रति सम्मान की प्रेरणा मिल सके।
चेयरपर्सन के आदेश पर नगर परिषद अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित शहीद स्मारकों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रत्येक स्मारक पर आवश्यक कार्यों की सूची तैयार की गई। जेई आशीष यादव और चेयरपर्सन प्रतिनिधि रमेश राठी ने मौके पर जाकर सभी स्मारकों की वर्तमान स्थिति का आकलन किया और सुंदरीकरण के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया।
उन्होंने कहा कि शहर में मौजूद प्रमुख स्मारक में रोहतक रोड स्थित बीडीपीओ कार्यालय के पास शहीद होशियार सिंह राठी स्मारक, मुख्य शहीदी स्मारक, बाजार में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा, रेलवे रोड स्थित स्कूल परिसर में ब्रिगेडियर होशियार सिंह राठी का स्मारक और भगत सिंह पार्क में स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा शामिल हैं।