दर्दनाक सड़क हादसे में उखलचना कोट गांव निवासी रिंकू (32) की मौत हो गई। रिंकू शहीद अंकुर शर्मा का छोटा भाई था, वह अपने साथी विकास के साथ बाइक पर झज्जर आया था। वापसी के दौरान झज्जर–गुरुग्राम मार्ग पर उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर चोटों के चलते रिंकू नाम के पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रिंकू के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि रिंकू के बड़े भाई अंकुर शर्मा करीब सात वर्ष पहले जम्मू-कश्मीर में भारी हिमपात के दौरान ड्यूटी निभाते हुए शहीद हुए थे।
रिंकू की सड़क हादसे में मौत की खबर से परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया है। हर कोई रिंकू के घर पहुंच कर परिवार को सांत्वना देता हुआ दिखाई दिया। इस बारे में जानकारी देते हुए झज्जर पुलिस के जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
मौके पर रिंकू नामक की गंभीर चोटों के चलते मौत हो चुकी थी जब कि उसका साथी विकास गंभीर रूप से घायल हो गया था। विकास को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसी के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपी चालक की जल्द ही पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव के ही रहने वाले जोगिंदर नामक युवक ने भी हादसे की जानकारी दी। उसने बताया कि रिंकू का भाई अंकुर भी देश की सेवा करने के दौरान कई साल पहले जम्मू कश्मीर में शहीद हो गया था। मृतक रिंकू अकेला घर में कमाने वाला था।