-फोटो 64 : अंकित दलाल पहलवान कोच धर्मेंद्र दलाल व अन्य के साथ। विज्ञप्ति
बहादुरगढ़। मांडोठी का अंकित दलाल पहलवान सर्बिया में कुश्ती का दम दिखाएगा। अंकित का वहां इस माह के अंत में प्रस्तावित वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय ग्रीको रोमन टीम में चयन हुआ है। चयन पर कुश्ती प्रेमियों ने अंकित को बधाई दी तथा वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीद जताई है।
आगामी 20 से 27 अक्तूबर तक सर्बिया में अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। तमाम देश इसके लिए तैयारियां कर रहे हैं। गत 4 अक्तूबर को लखनऊ में ट्रायल हुए। ट्रायल में हिंद केसरी सोनू अखाड़े के अंकित दलाल ने 77 केजी में जोर आजमाइश की।
बेहतर प्रदर्शन के बूते जीत दर्ज कर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय ग्रीको रोमन दल में जगह बनाई। अंकित गांव मांडोठी का रहने वाला है और पिछले कुछ वर्षों से सोनू अखाड़े में अभ्यास करता है। इससे पहले ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी, अंडर-23 नेशनल तथा स्कूल नेशनल में मेडल जीत चुका है।
अर्जुन अवॉर्डी धर्मेंद्र दलाल, ओमबीर सिंह सहित अन्य कोचों व खेल प्रेमियों ने अंकित को शुभकामनाएं दी हैं। धर्मेंद्र का कहना है कि अंकित अच्छा पहलवान है। उन्हें उम्मीद है कि वह वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश का नाम रोशन करेगा।