गला रेतकर की गई व्यक्ति की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
बहादुरगढ़ के दिल्ली रोड पर स्थित श्यामजी कॉम्प्लेक्स के पास वाली कॉलोनी में एक 36 वर्षीय व्यक्ति की गला रेतकर और पत्थर से वार कर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान भानुप्रताप के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता था और अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। उसका शव खून से लथपथ हालत में घर के बेड पर मिला।
पुलिस को रविवार शाम मृतक की पत्नी ने घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना शहर के एसएचओ दिनकर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम परिवार के बयानों के बाद सोमवार को होगा। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है, जिसमें मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ शामिल है।
भानुप्रताप चार भाइयों में सबसे बड़ा था और बहादुरगढ़ में एक ढाबे पर काम करता था। वह लंबे समय से श्यामजी कॉम्प्लेक्स के पास कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। हत्या शनिवार-रविवार की रात को हुई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे घरेलू विवाद, जान-पहचान वालों का हाथ, या कोई अन्य कारण है। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। एसएचओ दिनकर यादव ने बताया कि हत्या के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।
ये भी पढ़ें: Haryana: विदेश भेजने के नाम पर युवक से ठगी, 25 लाख लेकर भेजा कनाडा, नहीं मिली नौकरी, वापस लौटा घर