ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रेलमार्ग पर आसौदा केएमपी फ्लाईओवर के निकट ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस ने बुधवार सुबह शहर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में घटना को इत्तेफाक मानते हुए कार्रवाई की है।
गांव खरमाण निवासी 45 वर्षीय जयभगवान बहादुरगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में एंबुलेंस चालक था। बताया गया है कि मंगलवार की शाम जब वह आसौदा केएमपी फ्लाईओवर के निकट रेलवे ट्रैक पार कर रहा था तो उसी दौरान ठोकर लगने से गिर गया। जब तक वह संभल पाता, तब तक ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि मृतक की जेब से एक ड्राइविंग लाइसेंस मिला था उसी के आधार पर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए गए। उसकी पहचान खरमाण निवासी जयभगवान के रूप में हुई। जयभगवान चार बच्चों का पिता था। संवाद