17jjrp25- पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रामवीर। स्रोत-पुलिस
झज्जर। सीआईए झज्जर की पुलिस टीम ने षड्यंत्र के तहत एक व्यक्ति का पीछा करने और उसे जानमाल की हानि पहुंचाने के मामले में मुख्य आरोपी बरहाना निवासी रामवीर को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त क्राइम अमित दहिया ने बताया कि रोहित निवासी छप्पार ने पुलिस को शिकायत दी गई थी कि उसकी गाड़ी में अवैध रूप से जीपीएस सिस्टम लगाया है।
इसकी जानकारी उसे 28 अगस्त को हुई। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई थी कि कुछ व्यक्तियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत उसका पीछा किया जा रहा है और उसकी हत्या करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर झज्जर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
मामले की जांच सीआईए झज्जर को सौंपी गई। टीम ने खुफिया तंत्र और साइबर सेल की सहायता से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि पूरी साजिश पुरानी व्यावसायिक रंजिश के चलते रची थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पहले 7 सितंबर को दो आरोपियों बरहाना निवासी सुरेश और खुड्डन निवासी अभिषेक उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया था।
इनके कब्जे से तीन जीपीएस डिवाइस, एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए थे। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने संगठित अपराध में संलिप्त मुख्य आरोपी रामवीर निवासी बरहाना को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चार पिस्टल तथा तीन कारतूस बरामद किए गए।
अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी रामवीर एक शातिर अपराधी है। पुलिस हिरासत रिमांड की अवधि समाप्त होने पर आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेशानुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ राजस्थान में धोखाधड़ी व चोरी के करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इसी प्रकार जिला झज्जर में आरोपी के विरुद्ध हत्या, लूटपाट, धोखाधड़ी, चोरी तथा लड़ाई–झगड़े से संबंधित करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इसी प्रकार देहरादून में आरोपी के खिलाफ लगभग 100 से अधिक एटीएम क्लोन तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हैं।