संवाद न्यूज एजेंसी
साल्हावास। गांव बहू के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को विद्यालय के कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ के तत्वाधान में आयोजित एकदिवसीय कैंप का आयोजन किया गया। इसमें जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम विशाल ने विद्यार्थियों को पाॅक्सो एक्ट के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को इस कानून के तहत उपलब्ध संरक्षण के बारे में बताया तथा उन्होंने अध्यापकों से भी आह्वान किया कि आप इस कानून के तहत विद्यार्थियों की किसी भी जगह पर हर प्रकार से सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं, क्योंकि एक विद्यार्थी अपने अध्यापकों से भावनात्मक रूप से ज्यादा जुड़े रहते हैं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य न्यायाधीश मजिस्ट्रेट ने विद्यालय में पौधारोपण भी किया व उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन में अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने व उनकी देखभाल के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार धांगड ने विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों व कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। इस अवसर पर प्राचार्य सुभाष चंद, कुमारी बीरमति, रिंकी, रेखा रानी, शैलजा, सूयत्ना, गीता, पूनम सांगवान, गुलाबो, ज्योति, सुरेंद्र, सुधीर, रामफल शास्त्री, पंकज, सुभाष, नवीन व सुरेंद्रलाल उपस्थित रहे।